गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली। पेंड्रा नगर पालिका क्षेत्र में नया बस स्टैंड के आगे टाटा मैजिक वाहन और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि टक्कर के बाद मैजिक वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति और पेंड्रा बाईपास का निर्माण अधूरा होने को लेकर शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है।
काम खत्म कर घर लौट रहा था युवक, रास्ते में हुआ हादसा
मृतक की पहचान ज्योतिपुर निवासी आशीष माइकल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष रिवॉल्विंग चेयर रिपेयरिंग का काम करता था। वह काम के सिलसिले में ज्योतिपुर से पेंड्रा आया हुआ था। एक दुकान में कुर्सी की मरम्मत करने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था।
इसी दौरान जब वह पेंड्रा के नया बस स्टैंड को पार कर रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे टाटा मैजिक वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशीष के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मैजिक वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
खस्ताहाल सड़क और बाईपास का अधूरा निर्माण बना लोगों की नाराजगी की वजह
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में लोक निर्माण विभाग (PWD) और शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग की खस्ताहाल स्थिति के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति सुधारने और यातायात को सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने पेंड्रा बाईपास का निर्माण पूरा नहीं होने पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि बाईपास के लिए शेष राशि स्वीकृत नहीं होने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। यदि बाईपास का निर्माण समय पर पूरा हो जाता, तो मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिल सकती थी।
बार-बार हादसों के बाद भी नहीं सुधर रहे हालात
पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि सड़क की मरम्मत जल्द कराई जाए, बाईपास निर्माण की बाधाएं दूर की जाएं और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
फिर हुआ सड़क हादसा,मैजिक और बाइक की टक्कर युवक की मौत।।
फिर हुआ सड़क हादसा,मैजिक और बाइक की टक्कर युवक की मौत।।