गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटमी चौकी के सेखवा गांव में मंगलवार को खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के पास खून के निशान मिलने और महिला का सिर मिट्टी से ढका होने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में एक महिला का शव पड़ा देखा। शव के आसपास खून के निशान मौजूद थे, जबकि महिला का सिर मिट्टी से ढका हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल कोटमी चौकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना और कोटमी चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटा रही है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और जांच जारी है।