गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने पत्नी ज्योत्सना महंत और पुत्र सूरज महंत के साथ दिवंगत सर्राफा कारोबारी प्रदीप सोनी के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत अपनी पत्नी एवं ज्योत्सना महंत और पुत्र सूरज महंत के साथ सोमवार को पेंड्रा पहुंचे। यहां उन्होंने हाल ही में लूट और हत्या की घटना में जान गंवाने वाले सर्राफा कारोबारी प्रदीप सोनी के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
विज्ञापन
महंत परिवार ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज और कांग्रेस परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
गौरतलब है कि 26 मई को कोटमी साप्ताहिक बाजार में सर्राफा कारोबारी प्रदीप सोनी बाजार समाप्त होने के बाद अपने सोने-चांदी के आभूषणों से भरे बैग को कार में रख रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और बैग छीनकर भागने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों और प्रदीप सोनी के बीच झूमाझटकी हुई। आरोपियों ने पहले देशी कट्टे से उनके सिर पर वार किया और बाद में सीने में गोली मार दी।
विज्ञापन
गंभीर चोट लगने से प्रदीप सोनी की मौके पर ही मौत हो गई थी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी दिवंगत प्रदीप सोनी को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।