जिले में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब वन्य जीवों पर भी दिखाई देने लगा है। जंगलों के भीतर मौजूद प्राकृतिक जलस्रोत सूख गए हैं। इस कारण जंगली जानवर पानी की तलाश में गांव और सड़क किनारे तक पहुंचने लगे हैं।
इसी बीच पेंड्रा-रतनपुर मुख्य मार्ग पर कारिआम गांव के पास लगभग एक दर्जन हिरणों का झुंड दिखाई दिया। सड़क से गुजर रहे राहगीरों की नजर उन पर पड़ी। लोग रुककर उन्हें देखने लगे और मोबाइल फोन से फोटो-वीडियो बनाए। कुछ देर तक हिरण जंगल के किनारे खुले क्षेत्र में घूमते रहे।
इसके बाद वे वापस जंगल की ओर चले गए। हिरणों के झुंड का वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस वर्ष गर्मी अधिक पड़ रही है। जंगलों के छोटे तालाब, नाले और जलस्रोत लगभग सूख चुके हैं।
यही वजह है कि जंगली जानवर पानी और भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों के करीब आ रहे हैं। इससे पहले भी हाथी, भालू और अन्य वन्य जीव गांवों के आसपास देखे जा चुके हैं। वन विभाग के जानकारों के अनुसार, गर्मी में वन्य जीवों का जंगल से बाहर निकलना सामान्य है। हालांकि, मुख्य सड़क के आसपास इनकी मौजूदगी दुर्घटना का कारण बन सकती है। पेंड्रा-रतनपुर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जंगलों में अस्थायी जलस्रोत और पेयजल व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। इससे वन्य जीवों को पानी के लिए जंगल से बाहर नहीं आना पड़ेगा। वहीं लोगों से भी अपील की गई है कि वन्य जीव दिखाई देने पर उन्हें परेशान न करें। सभी सुरक्षित दूरी बनाए रखें।