त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिल रही है। पेंड्रा जनपद पंचायत क्षेत्र से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है। जो लोकतंत्र की आदर्श तस्वीर मानी जाएगी। जिसमें पेंड्रा विकासखंड के कोटमी के सकोला गांव के दूल्हे ने अपनी बारात जाने के पहले मतदान केंद्र पहुंचकर अपना मतदान किया है।
दूल्हा बारात लेकर पेंड्रा से 350 किलोमीटर दूर मध्यप्रदेश के मैहर जा रहा है। लेकिन अपनी दुल्हन लाने से पहले उसने ग्राम सरकार चुनने का फैसला किया और बारात में जाने से पहले मतदान केंद्र पहुंचकर अपना मतदान किया। इस तरह की तस्वीर कम ही देखने को मिलती है। पर इस तस्वीर ने लोगों के लिए वह संदेश सामने लाया है कि पहले मतदान फिर दूसरा काम। दूल्हे का नाम ऋषभ श्रीवास्तव बताया जा रहा है।