फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन: 540 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, बिलासपुर संभाग का दबदबा

Fri, 21 Aug 2026 05:26 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

सार

चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। समारोह में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
विज्ञापन
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का गरिमामय समापन।।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। समारोह में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से 540 खिलाड़ियों और 100 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, कबड्डी एवं क्रिकेट में ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
विज्ञापन


समापन समारोह की शुरुआत मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गौरेला, अनीता शिक्षा निकेतन गौरेला तथा अमरपुर पेंड्रा की छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया।

मुख्य अतिथि सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में हार नहीं होती, खिलाड़ी या तो जीतते हैं या फिर सीखते हैं। खेल स्वस्थ जीवनशैली के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, भाईचारा और सद्भावना की भावना विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीवन में कभी हार न मानने और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विज्ञापन

विकास कार्यों के लिए 30 लाख की घोषणा

जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा की मांग पर सांसद महंत ने फिजिकल कॉलेज मैदान के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपये तथा पतगांवा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, कुल 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इससे क्षेत्र में खेल अधोसंरचना और आवागमन सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने प्रतियोगिता को जिले के लिए गौरव का अवसर बताते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर विजय दयाराम के ने सभी खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिभा के साथ अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करती हैं। अंत में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।


26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का गरिमामय समापन।।

 

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का गरिमामय समापन।।

 

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का गरिमामय समापन।।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें