फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GPM News: कन्या छात्रावास में घुसा हाथियों का झुंड, बाउंड्री वॉल तोड़ी, समय रहते बची 58 छात्राओं की जान

Tue, 11 Aug 2026 08:07 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

सार

रात के सन्नाटे में हाथियों का झुंड आईटीआई क्षेत्र स्थित कन्या छात्रावास में घुस गया और परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। गनीमत रही कि समय रहते प्रशासन ने 58 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
कन्या छात्रावास में घुसा तीन हाथियों का दल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मरवाही वनमंडल क्षेत्र में मध्य प्रदेश की ओर से पहुंचे तीन हाथियों का दल पिछले कई दिनों से आबादी वाले इलाकों में उत्पात मचा रहा है। हाथियों के लगातार गांवों और रहवासी क्षेत्रों में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अब हाथियों का दल मरवाही आईटीआई क्षेत्र स्थित कन्या छात्रावास परिसर तक पहुंच गया। छात्रावास में हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग में हड़कंप मच गया।

विज्ञापन


स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रावास में रह रही सभी 58 छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय रहते छात्राओं को बाहर निकाल लिए जाने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

छात्रावास परिसर में मचाई तोड़फोड़
रात के समय हाथियों के छात्रावास परिसर में पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। हाथियों ने परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने छात्रावास की बाउंड्री वॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा गार्ड रूम की खिड़की भी तोड़ दी। घटना के बाद प्रशासन और वन विभाग ने छात्रावास तथा आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: CG: रील बनाने के लिए बोलेरो पर खतरनाक स्टंट, हाथ में शराब की बोतल; वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने चालक को दबोचा

घर, नर्सरी और फसलों को भी नुकसान
तीनों हाथियों का दल आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। हाथियों ने कुछ ग्रामीणों के घरों को नुकसान पहुंचाया है। वहीं छात्रावास के पास स्थित शासकीय नर्सरी में पहुंचकर भी हाथियों ने तोड़फोड़ की। इसके अलावा हाथियों ने खेतों में पहुंचकर किसानों की खड़ी फसलों को रौंद दिया, जिससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। लगातार फसल बर्बाद होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

वन विभाग और पुलिस की टीम मुस्तैद
हाथियों की लगातार बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग के साथ पुलिस की टीम भी क्षेत्र में लगातार मुस्तैद है। ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनके नजदीक नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है।
विज्ञापन


हालांकि इसके बावजूद कुछ ग्रामीण हाथियों को देखने और उनका वीडियो बनाने के लिए उनके काफी करीब पहुंच रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से ऐसा नहीं करने की अपील की है क्योंकि हाथियों के करीब जाना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें