रायपुर पुलिस ने एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह वीडियो कॉल और लोकेशन शेयरिंग के जरिये हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 273.19 ग्राम हेरोइन, पांच मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 57 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरोह का मुख्य सप्लायर मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू है, जो पंजाब के एक तस्कर से नशे का माल लाकर रायपुर में खपाता था। वह अपने डिस्ट्रीब्यूटर विजय मोटवानी और भूषण शर्मा को हेरोइन सप्लाई करता था। ये लोग इसे आगे छोटे सप्लायरों तक पहुंचाते थे।
पुलिस की कार्रवाई
थाना कबीरनगर और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने हीरापुर स्थित वेदांत वाटिका के पास दबिश देकर जग्गू को रंगेहाथ पकड़ लिया। पूछताछ में उसके नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर उसकी पत्नी जसप्रीत कौर, विजय मोटवानी, नितिन पटेल और दिव्या जैन को भी गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरे प्रकरण में भूषण शर्मा को भी पकड़ा गया। अब तक रायपुर पुलिस 34 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 1.57 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी
- मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू (मुख्य सप्लायर)
- विजय मोटवानी (डिस्ट्रीब्यूटर)
- भूषण शर्मा (डिस्ट्रीब्यूटर)
- जसप्रीत कौर (जग्गू की पत्नी)
- नितिन पटेल
- दिव्या जैन
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ने के लिए कठोर कार्रवाई की जाएगी।