एक पुलिसकर्मी और एक सरपंच की हत्या में कथित तौर पर शामिल चार नक्सलियों को पुलिस ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि चारों को पतवाड़ा और फुल्लौड गांवों के पास जंगल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि चारों नक्सलियों को जांगला पुलिस थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया जब सीआरपीएफ की 222वीं बटालियन का दल एक खोज अभियान पर था।
चारों की पहचान कोसा पडियामी (31), हिंगोराम मदकम (27), राजेश कवासी (33) और इंद्रजीत ठाकुर (32) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार इनके पास से एक टिफिन बम, एक डेटोनेटर, डेटोनेटिंग कॉर्ड, दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन समेत अन्य वस्तुएं बरामद की गई हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि ये चारों इसी साल 29 जुलाई को एक सीआरपीएफ अधिकारी को निशाना बनाने के लिए किए गए आईईडी धमाके में शामिल थे।
अधिकारी ने बताया कि साल 2003 में ये चारों एक हेड कॉन्स्टेबल की हत्या और उसका हथियार लूटने में शामिल थे। साल 2015 में इन्होंने घुडस्कल में एक सरपंच की हत्या कर दी थी। अधिकारी ने बताया कि इन चारों ने चुनाव करवाने गई एक टीम पर भी हमला किया था।