हादसे में क्षतिग्रस्त कार (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। कांकेर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया, ‘‘जिले के चारामा थाना क्षेत्र के रातेसरा गांव के पास ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में कार सवार अहमद अली, रहमत अली, संजू तिर्की और प्रवीण सिन्हा की मौत हो गई।’’
ट्रक ने कार में मारी टक्कर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार सवार सभी व्यक्ति जिले के लखनपुरी गांव की ओर जा रहे थे। रातेसरा गांव के करीब पहुंचने पर सामने से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस घटना में कार सवार सभी चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि गश्त में निकले पुलिस दल को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने सभी घायलों को चारामा के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने अहमद और रहमत को मृत घोषित कर दिया। वहीं तिर्की ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ट्रक चालक फरार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सिन्हा को पड़ोसी धमतरी जिले के अस्पताल ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया उन्होंने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।