छत्तीसगढ़ के पूर्व खेलमंत्री शंकर सोढ़ी ने राज्य की भाजपा सरकार से जवाब मांगा है कि परसदा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम लगभग दुगनी लागत में कैसे बना।
उन्होंने सरकार से पूछा है कि लगभग 58.72 करोड़ रुपए में बनने वाले स्टेडियम का बजट 120 करोड़ रुपए तक कैसे पहुंच गया।
उन्होंने भाजपा सरकार पर राजनीतिक फायदे के लिए चुनाव से पहले स्टेडियम का कार्य पूरा करवाने और आईपीएल मैच का आयोजन कराने का आरोप भी लगाया।
पूर्व खेल मंत्री ने प्रेसवार्ता में बताया कि जब वे खेल मंत्री थे तभी अंर्तराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण किए जाने की पहल की गई थी।
इसके लिए जगह चुनकर निर्माण के लिए मोबलाईजेशन की राशि लगभग 5 करोड़ रुपए भुगतान कर दिया गया था। 10 जून 2003 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने भूमि पूजन किया था।
साथ ही कांट्रेक्टर से दो साल में कार्य पूरा करने का अनुबंध किया गया। नवम्बर 2003 तक कांटे्रक्टर जमीन से 3-4 मीटर ऊपर तक ही निर्माण कर पाया।
इसके बाद भाजपा की सरकार आई और खेल मंत्री बृजमोहन अग्रवाले बने। 58.72 करोड़ रुपए में बनने वाला स्टेडियम का बजट बढ़ाकर 120 करोड़ रुपए कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि 5 वर्ष में तैयार करने के अनुबंध पर भी कांट्रेक्टर निर्माण कार्य पूरा नहीं कर पाया।
2008 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अधूरे स्टेडियम का आनन-फानन में उद्धाटन कर शो मैच कराया गया। वहीं 2013 में होने वाले विधान सभा चुनाव को देखकर आईपीएल मैच कराया गया।
इतना ही नहीं इस आयोजन में लगभग 38 करोड़ रुपए राज्य सरकार द्वारा खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बजट से कई गुना अधिक खर्च कर 10 वर्षों में पूरा किया गया।
उन्होंने राज्य सरकार से पूछा है कि आईपीएल के आयोजन से प्रदेश की जनता को क्या मिला।