छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में अवैध काष्ठ चिरान के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ठिकानों पर छापामारी कर 1.600 घन मीटर अवैध लकड़ी जब्त की है।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में अवैध काष्ठ चिरान के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ठिकानों पर छापामारी कर 1.600 घन मीटर अवैध लकड़ी जब्त की है। यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक आलोक कुमार तिवारी के निर्देशन और वनमंडलाधिकारी रंगानाधा रामाकृष्णा वाय के मार्गदर्शन में की गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार गीदम वन परिक्षेत्र अंतर्गत गीदम सर्किल के ग्राम हीरानार में 7 फरवरी 2026 को वन विभाग की टीम ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान सतीश यादव के पुराने मकान से बीजा लकड़ी के 65 नग चिरान फारा बरामद किए गए, जिसकी मात्रा 0.852 घन मीटर आंकी गई। वहीं चमेली बाई के घर से साल लकड़ी के 35 नग चिरान पाए गए। दोनों स्थानों से कुल 1.600 घन मीटर अवैध काष्ठ जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया।
यह कार्रवाई उपवनमंडलाधिकारी गीदम वी.एन. नाग के मार्गदर्शन में गीदम वन परिक्षेत्र अधिकारी ज्योत्सना पाण्डे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को समझाइश दी गई और ग्रामीणों से अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई।
विज्ञापन
इस कार्रवाई को सफल बनाने में वनरक्षक लक्ष्मीप्रसाद चालकी, राहुल नाग, महेश मरकाम, उमेश कुमार नेगी, सुशीला पैकरा के साथ ही उड़नदस्ता दल के परिक्षेत्र अधिकारी जे.पी. पाण्डेय, वनपाल भूषण नेताम और दानसिंह वट्टी सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध लकड़ी तस्करी और काष्ठ चिरान के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।