बालोद जिले के गुण्डरदेही ब्लॉक के ग्राम कांदुल में स्थित देवांगन सॉ मिल में वन विभाग ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान मिल में प्रतिबंधित लकड़ियां पाए जाने पर वन विभाग ने मिल को सील कर दिया। उपवन मंडल अधिकारी डिंपी बैंस ने बताया कि छापेमारी में 5.5 घन मीटर प्रतिबंधित काष्ठ जब्त किया गया, जिसे वन मंडल कार्यालय लाया गया है।
प्रतिबंधित लकड़ियों की अवैध कटाई पर अंकुश
वन विभाग की लगातार कार्रवाई के बावजूद बालोद जिले में प्रतिबंधित लकड़ियों की कटाई रुकने का नाम नहीं ले रही। जिले के विकासखंड मुख्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कटाई आम है। हालांकि, वन विभाग अब सभी क्षेत्रों में सघन जांच और कार्रवाई कर रहा है, जिससे अवैध कटाई करने वालों में खलबली मची है।
लगातार कार्रवाई, तीन मिलें सील
उपवन मंडल अधिकारी डिंपी बैंस ने बताया कि जिले भर में वन विभाग की टीमें भ्रमण कर अवैध लकड़ी परिवहन और कटाई पर नजर रख रही हैं। इस वर्ष अब तक तीन सॉ मिलों को सील किया जा चुका है। आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
शिकायतों पर की गई कार्रवाई
वन विभाग को देवांगन सॉ मिल में अवैध लकड़ियों के भंडारण की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इसके आधार पर वन विभाग की टीम ने आकस्मिक छापेमारी की, जिसमें प्रतिबंधित लकड़ियां जब्त की गईं। बताया गया कि इस मिल में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज से भी लकड़ियां चिराई के लिए लाई जाती थीं। वन विभाग ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।