कोण्डागांव में शासन की नक्सल उन्मूलन नीति और सुरक्षाबलों की सख्त कार्रवाई के चलते एक लाख की इनामी महिला माओवादी ललिता उर्फ हाड़ो बघेल (36) ने आत्मसमर्पण किया।
कोण्डागांव में शासन की नक्सल उन्मूलन नीति और सुरक्षाबलों की सख्त कार्रवाई के चलते एक लाख की इनामी महिला माओवादी ललिता उर्फ हाड़ो बघेल (36) ने आत्मसमर्पण किया। ललिता 2005 से 2016 तक जनमिलिशिया सदस्य और 2016 से 2024 तक आमदई एलओएस पार्टी में सक्रिय सदस्य रही है।
विज्ञापन
ललिता, आमदई एरिया कमेटी की सदस्य और संगठन के कृषि विभाग में कार्यरत थी। उसने जिला कोण्डागांव, बस्तर और नारायणपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में कई नक्सली गतिविधियों और मुठभेड़ों में भाग लिया। आत्मसमर्पण के दौरान उसे तत्काल 25,000 रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जबकि पुनर्वास नीति के तहत अन्य लाभ दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
आत्मसमर्पण के दौरान पुलिस अधीक्षक वॉय अक्षय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डांडे और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही। ललिता के खिलाफ थाना मर्दापाल में विभिन्न धाराओं और यूएपीए एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण का यह कदम नक्सल उन्मूलन नीति और सुरक्षा बलों के प्रभावी अभियानों का परिणाम है। पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे सिविक एक्शन प्रोग्राम और पुनर्वास योजनाओं की जानकारी के चलते नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं।