छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपनी ही छह माह की मासूम बेटी को दो बार फर्श पर पटक दिया। इस सनसनीखेज घटना में गंभीर रूप से घायल मासूम को इलाज के लिए रायपुर स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपनी ही छह माह की मासूम बेटी को दो बार फर्श पर पटक दिया। इस सनसनीखेज घटना में गंभीर रूप से घायल मासूम को इलाज के लिए रायपुर स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है। मासूम बच्ची के सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है, जहां वह जिंदगी की जंग लड़ रही है। घटना की शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
पारिवारिक विवाद में बच्ची पर हमला
यह वारदात बीएसयूपी कॉलोनी में हुई। बच्ची की मां 14 अक्तूबर की रात ही समता कॉलोनी स्थित अपने मायके से छह माह की बेटी हिमानी को लेकर घर वापस लौटी थी। रात करीब 9 बजे जब बच्ची का पिता घर पहुंचा, तो पत्नी के मायके जाने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट भी की।
विवाद के बाद हिंसक हुआ पिता
देर रात तक दोनों के बीच तनाव बना रहा और रात लगभग 1:30 बजे दोनों के बीच विवाद फिर उग्र हो गया। इस दौरान गुस्से में आपा खो चुके पिता ने बिस्तर पर लेटी अपनी छह माह की मासूम बेटी को उठाकर अचानक फर्श पर दे मारा। इतने पर भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने तड़पती बच्ची को दोबारा उठाकर फिर से जमीन पर पटक दिया। इस हिंसक हमले में मासूम हिमानी के सिर में गहरी चोट आई और उसके शरीर के अंदरूनी अंग भी बुरी तरह प्रभावित हुए।
विज्ञापन
आरोपी पिता गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल
मासूम बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्ची की स्थिति अत्यंत चिंताजनक देखते हुए उसे रायपुर स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया, जहां वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से लड़ रही है। घटना के बाद पीड़ित मां ने सरस्वती नगर थाने में आरोपी पति के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।