छत्तीसगढ़ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर
- फोटो : Amar ujala digital
CG Politics: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने एक जुलाई से बिजली दर में की गई 50 पैसा प्रति यूनिट की वृद्धि को वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जुलाई से बिजली दर में 50 पैसा प्रति यूनिट वृद्धि लागू करना पहले से महंगी एवं बेतहाशा बिजली बिल से परेशान जनता के ऊपर कुठाराघात है। बीते ढाई साल में पांच बार बिजली के दामों में वृद्धि किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर एवं लो वोल्टेज एवं बिजली कटौती से जनता काफी परेशान है। बिजली उत्पादन में उपयोग होने प्रदेश का संसाधनों का उपयोग होता है। बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्य होने के बावजूद जनता को महंगी बिजली दिया जा रहा है। स्मार्ट मीटर के कारण पहले ही अनाप-शनाप बिजली बिल से उपभोक्ता परेशान है, जिन घर में 400 रु. 500 रु. महीना बिजली बिल आता था आज उन उपभोक्ताओं को 3 हजार से 4 हजार बिजली बिल भरना पड़ा रहा है। कई उपभोक्ताओं को 10 हजार से 30 हजार तक बिल दिया गया है जबकि उपभोक्ताओं की शिकायत है जितना बिल दिया गया है उतनी बिजली की खपत हुई ही नही है। किसानों सिंचाई के लिए महंगी बिजली उपयोग कर रहे है जिसे उनकी कृषि लागत मूल्य में बढ़ोत्तरी हो गया है इससे उनकी आर्थिक हालत खराब हो रही है। कमर्शियल बिजली उपयोग करने वाले व्यापारी छोटे मंझोले उद्योग चलाने वाले होटल व्यवसायी सभी महंगी बिजली से आर्थिक चोट झेल रहे है। ईवी उपयोग करने वालो को भी बढ़ी बिजली दर से नुकसान हो रहा है।
'वसूली नीति के चलते तीन गुना बढ़ा खर्चा'
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ठाकुर ने कहा भाजपा सरकार का मूल काम आम जनता से वसूली करना है। जनता की आय नही बढ़ रही है बल्कि सरकार की वसूली नीति के चलते खर्चा दो गुना, तीन गुना बढ़ गया है। बिजली कम्पनी अपने नुकसान को जनता के सिर मढ़कर बिजली बिल से वसूली कर रही है। कांग्रेस मांग करती है जुलाई से लागू बिजली की नई दरों को तत्काल जनहित में वापस लिया जाये। बिजली बिल हॉफ योजना में 400 यूनिट तक छूट पुनः लागू किया जाये एवं स्मार्ट मीटर हटाकर सामान्य मीटर लगाया जाये।