कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने मंगलवार को प्रेसवार्ता बुलाई. उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार फोटोयुक्त निर्वाचन नामावली का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है. इसमें नए मतदाताओ को जोड़ने एवं त्रुटि सुधार को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
डॉ. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि नए मतदाताओं को जोड़ने एवं मतदान के प्रति लोगों को जागरुक करने विभिन्न कार्यक्रम तैयार किये गए हैं. प्रशासन कल से स्वीप कार्यक्रम का आगाज करने जा रहा है. वहीं, इस बार नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में 32 नए मतदान केंद्रों की जानकारी प्रशासन ने दी है। उन्होंने बताया कि 32 नए मतदान केंद्र को लेकर आयोग ने मंजूरी दे दी है। इस तरह अब जिले में मतदान केंद्र की संख्या 727 हो गई है. ज्यादा दूरी के मतदाताओं की सहूलियत के लिए इस मतदान केंद्रों को बनाया जा रहा है. प्रेसवार्ता के दौरान अधिकारी, कर्मचारी व पत्रकारों को विधानसभा निर्वाचन के लिए संकल्प दिलवाया गया.