दुर्ग में पुलिस ने शहर में चल रहे एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मकान में युवतियों और दो पुरुषों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा है। जानकारी के अनुसार मोहन नगर थाना क्षेत्र के जयंती नगर इलाके में एक मकान में लंबे समय से सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने देर रात छापेमारी की।
एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी पद्मश्री तवर ने महिला थाना और मोहन नगर थाना की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मकान की चारों तरफ से घेरबंदी की। इसके बाद महिला पुलिस की टीम छापेमारी को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान चार युवतियां और दो पुरुष आपत्तिजनक हालत में पाए गए। सभी को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने जब मकान की तलाशी ली तो वहां से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामान और मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस ने इन्हें साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है।
दुर्ग सीएसपी चिराग जैन ने बताया कि देह व्यापार की सूचना पर जयंती नगर में कार्रवाई की गई, जहां से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने मकान मालिक और महिला दलाल शशि उपाध्याय, ग्राहक जसप्रति सिंह और लखन सिंह को गिरफ्तार किया है, वहीं इनके साथ तीन युवतियां भी शामिल थी जो कोलकाता, रायगढ़ और कांकेर की रहने वाली हैं। आरोपी शशि उपाध्याय व्हाट्सएप से ग्राहकों को युवती की फोटो भेजकर रैकेट चलती थी। पुलिस ने मकान मालकिन समेत ग्राहकों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है।