पुलिस ने चोर गिरोह का किया खुलासा।
दुर्ग के भिलाई के जामुल थाना पुलिस ने मकानों में चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत 6 आरोपियों और एक अपचारी बालक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नगदी, घरेलू सामान,मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल की गई एक्टिवा बरामद किया है। पुलिस ने कल पूरे मामले का खुलासा किया।
जामुल थाना क्षेत्र में पिछले दिनों सूने मकानों में चोरी की दो बड़ी वारदात हुई थीं। पहली घटना हाउसिंग बोर्ड भिलाई के मकान हुई थी। पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोर उनके बंद मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखी नगदी और चांदी के सामान चोरी कर ले गए। वहीं, दूसरी घटना देव सिंह थापा के घर हुई। जो परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए थे। इसी दौरान 24 से 28 अप्रैल के बीच चोरों ने उनके घर का ताला और आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर,नगदी और घरेलू सामान पार कर दिया। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसीसीयू और जामुल थाना की टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आदतन अपराधी अर्जुन सिंह उर्फ सुखविंदर सरदार पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपी अर्जुन सिंह के पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, एलसीडी टीवी और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि चोरी के पैसों से खरीदे गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और दरवाजा तोड़ने के औजार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा, सोनू सरदार उर्फ पुच्ची, तोप सिंह बंजारे, शेख रशीद, हेमा जांगड़े और रूबी कौर को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अपचारी बालक को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी पहले दिन में सूने मकानों की रेकी करते थे और रात में घर बंद मिलने पर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।