भिलाई स्टील प्लांट में ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार ठेका मजदूर की मौत हो गई। घायल मजदूर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दुर्ग जिले के भिलाई स्टील प्लांट में सोमवार रात सड़क दुर्घटना में एक ठेका मजदूर की मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
भिलाई स्टील प्लांट के रेल मिल क्षेत्र स्थित जीरो कार्बाइड मोड़ के पास यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक CG04OM7139 रेल पटरी लोड करने के लिए शिपिंग एरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोड़ लेते समय साइकिल सवार मजदूर ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया।
हादसे में घायल मजदूर की पहचान खुर्सीपार निवासी गोमती प्रसाद साहनी (55) के रूप में हुई है, जो एसआरयू में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई भट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।