दुर्ग जिला पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर एक महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ की और उसे सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी थी। इस मामले में उतई पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर आरोपी को दबोचा।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी से उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। इसे स्वीकार करने के बाद आरोपी ने उससे बातचीत शुरू की। जिसके बाद सोशल मीडिया से फोटो लेकर आपत्तिजनक तरीके से एडिट करता था। आरोपी ने बाद में व्हाट्सएप पर पीड़िता से संपर्क किया और उसे अश्लील तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को वायरल करने की धमकी दी।आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि उसकी मांगें पूरी नहीं की गईं। तो वह तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। पुलिस ने इस मामले में आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, विशेषकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सोशल मीडिया ट्रैकिंग की मदद से आरोपी की पहचान की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच के बाद आरोपी को बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार किया। आरोपी ने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर यह अपराध किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और चैटिंग से संबंधित महत्वपूर्ण स्क्रीनशॉट जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।