दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा के मेड़ेसरा गांव में अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर पंडवानी महासम्मेलन का समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। छग शासन के संस्कृति विभाग के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव, अहिवारा विधायक और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, पिछड़ा एवं अन्य वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विधायक ललित चंद्राकर, विधायक साजा ईश्वर साहू, समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता को सौगात भी दी।
मुख्यमंत्री ने विष्णुदेव साय ने कहा कि पंडवानी एक ऐसी विधा है जिसके माध्यम से छत्तीसगढ़ को दुनिया भर में पहचान मिली है। दुनिया के हर कोने में हमारे पंडवानी कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया है। न्यूयार्क से लेकर पेरिस और लंदन तक महाभारत की कथाओं पर आधारित हमारे पंडवानी गायन को लोगों ने सुना और सराहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुझे पंडवानी के पुरोधा स्वर्गीय झाड़ूराम देवांगन जी की स्मृति भी हो रही है। हाथ में तंबूरा लेकर जब वे अपनी रोचक प्रस्तुति देते थे तो दर्शक गण मंत्र मुग्ध हो जाते थे। पंडवानी गायन में हमारी महिला कलाकारों को भी विशेष सफलता मिली है। पंडवानी महासम्मेलन के कार्यक्रम का आयोजन कर इस धरोहर को सहेजने और आने वाली पीढ़ी तक इसे बढ़ाने के लिए बहुत अच्छा कार्य किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छग के कलाकारों की पेंशन राशि में वृद्धि की है साथ ही कलाकारों को दिये जाने वाले अवसरों की संख्या भी बढ़ाई है। चित्रोत्पला फिल्म सिटी की स्थापना का निर्णय से छत्तीसगढ़ी सिनेमा को मजबूत करने का जतन किया है। वही 1 नवंबर को प्रदेश की रजत जयंती मनाई जाएगी। यह राज्योत्सव हमारी लोकसंस्कृति का उत्सव होगा। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आगमन भी होगा। मुख्यमंत्री ने अहिवारा विधायक की मांगों कोलकर क्षेत्र में नागरिक कल्याण महाविद्यालय नंदिनी में स्नातकोत्तर कक्षाएं संचालित करने,अछोटी में बीएड महाविद्यालय और मेड़ेसरा को आदर्श गांव बनाने के साथ ही समुदायिक भवन हेतु 20 लाख रूपए और क्षेत्र के सभी पंचायतों में सीसी रोड निर्माण की घोषणा की है। साथ ही कलाकारों को भरोसा दिलाया कि उनके सभी मांगों पर सरकार विचार कर आवश्यक पहल करेगी।