डीईओ अरविंद मिश्रा ने बताया कि चारों शिक्षक अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फिट रहने के फॉर्मूला का प्रचार-प्रसार कर रहे थे। शिक्षक हर्बल लाइफ के उत्पादों का उपयोग करके वजन घटाने, सेहत बनाने और उसकी सदस्यता लेने के काम में जुटे हुए थे। ऑनलाइन सेशन लेने की भी सलाह दे रहे थे। इसकी शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने मामले की जांच के आदेश दिए। विकासखंड शिक्षा अधिकारी धमधा ने जांच के दौरान फुंडा स्कूल की खिलेश्वरी चतुर्वेदी की सोशल मीडिया साइट की जांच की। उनके प्रतिवेदन के आधार पर शिक्षिका खिलेश्वरी चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। निलंबन के दौरान शासकीय नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इसी प्रकार दनिया स्कूल के शिक्षक मुकेश चतुर्वेदी और संकुल केंद्र बोरी के सीएसी बलदाऊ पटेल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संयुक्त संचालक को पत्र भेजा है। मामले में लिप्त घोटवानी स्कूल के व्याख्याता लोमन वर्मा पर कार्रवाई के लिए डीपीआई को पत्र लिखा गया है।