डीप ड्राइविंग की मदद से बरामद हुआ शव
- फोटो : अमर उजाला
दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र में खारुन नदी पार करते समय बाइक फिसलने से बड़ा हादसा हो गया। बाइक सवार दो लोग नदी में गिर गए, जिसमें एक व्यक्ति तेज बहाव में बह गया, जबकि दूसरा किसी तरह अपनी जान बचाकर सुरक्षित बाहर निकल आया। सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ ने डीप ड्राइविंग की मदद से नदी से शव बरामद कर लिया।
एनीकेट पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम ओदरागहन और तर्रागोंदी के बीच खारुन नदी पर बने एनीकेट से बाइक सवार दो व्यक्ति नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक फिसल गई और दोनों नदी में गिर पड़े। पानी के तेज बहाव में एक व्यक्ति बह गया, जबकि दूसरा तैरकर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया।
हादसे की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण तत्काल शव की तलाश में परेशानी हुई। इसके बाद शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
डीप ड्राइविंग की मदद से मिला शव
एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद डीप ड्राइविंग की मदद से नदी में तलाश की और युवक का शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान सुरेंद्र यादव निवासी तर्रागोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
रानीतराई थाना प्रभारी हुबलाल चंद्राकर ने बताया कि ओदरागहन से तर्रागोंदी जाने के दौरान बाइक सवार दोनों लोग खारुन नदी पर बने एनीकेट को पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक फिसलने से दोनों नदी में गिर गए। एक व्यक्ति तेज बहाव में बह गया, जबकि दूसरा सुरक्षित बाहर निकल आया। मृतक की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।