रायपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत गंज थाना पुलिस ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीली गोलियां जब्त की हैं। पुलिस को 16 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक ओडिशा से नशीली गोलियां लाकर रायपुर में बेचने की फिराक में हैं और एक्सप्रेस-वे रोड पर मैन सराय भवन की ओर जाने वाले रास्ते के पास पंप हाउस के सामने ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से Nitrazepam Tablets (NITROSUN-10) की 300 स्ट्रिप्स, यानी कुल 3000 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त रेनॉल्ट क्विड कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण बघेल (23 वर्ष) निवासी न्यू शांति नगर, भावेश खटवानी (32 वर्ष) निवासी लोधी पारा गंज और राज दास (24 वर्ष) निवासी न्यू शांति नगर, सिविल लाइन के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने ओडिशा से नशीली गोलियां लाकर रायपुर शहर में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
इस मामले में थाना गंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, सप्लाई चैन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।