रायपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले ड्रग माफिया नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पंजाब से गिरफ्तार कवलजीत सिंह उर्फ पिंदर को पुलिस कड़ी सुरक्षा में रायपुर लेकर आई है। पिंदर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थ मंगवाकर विभिन्न राज्यों में सप्लाई करने वाले रैकेट का मुख्य सरगना बताया जा रहा है।
इससे पहले इसी गैंग से जुड़े उसके साथी लवजीत सिंह उर्फ बंटी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी। पिंदर की गिरफ्तारी को इस पूरे नेटवर्क को उजागर करने की बड़ी कड़ी माना जा रहा है।
ड्रोन से आती थी हेरोइन
जांच में पता चला है कि पिंदर का गिरोह पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये हेरोइन (चिट्टा) और अन्य मादक पदार्थ भारत में मंगाता था। इसके बाद उसका लोकल नेटवर्क इन्हें रायपुर समेत विभिन्न शहरों तक पहुंचाता था। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े एक थर्ड जेंडर समेत आधा दर्जन आरोपितों को पहले ही पकड़ लिया है। बताया जाता है कि यही आरोपी रायपुर के बार, क्लब और होटलों में ड्रग की सप्लाई करता था।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पिंदर सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं था। उसका नेटवर्क पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र जैसे कई राज्यों में फैला हुआ है। लवजीत सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को ऐसे सुराग मिले, जिन्होंने पिंदर तक पहुंचने का रास्ता खोल दिया। इसी कड़ी में राजनांदगांव निवासी सुवित श्रीवास्तव, गोंदिया का अनिकेत मालधरे, टाटीबंध का मुकेश सिंह और जुनैद उर्फ शेख चिला भी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
मुंबई कनेक्शन की तलाश
रायपुर पुलिस अब नेटवर्क के बाकी तार जोड़ने की कोशिश कर रही है। जांच में सामने आया है कि इस रैकेट से मुंबई की एक फैशन डिजाइनर युवती भी जुड़ी हुई है। वह मुंबई और अन्य महानगरों में सप्लाई चैन संभालती थी। साथी तस्करों की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उसने मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गई। पुलिस का मानना है कि उसके पकड़े जाने के बाद इस ड्रग नेटवर्क की राजधानी मुंबई और अन्य बड़े शहरों में गहरी जड़ें उजागर हो सकती हैं।