मुख्यमंत्री ने सख्ती दिखाते हुये यह साफ कर दिया है कि बर्खास्त शिक्षाकर्मियों की भर्ती नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षाकर्मियों के अल्टीमेटम से कोई फर्क नहीं पड़ता है, जिनकी बहाली होनी थी हो चुकी।
मुख्यमंत्री ने सीएम हाउस में मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के उद्घाटन के मौके पर मीडिया से बातचीत के दौरान मंगलवार को यह बातें कहीं। डॉ. सिंह ने बर्खास्त शिक्षाकर्मियों की नौकरी पर वापसी के बारे में पत्रकारों से कहा कि फिलहाल उन्हें नौकरी पर वापस नहीं लिया जायेगा। शिक्षाकर्मियों के वापस हड़ताल पर जाने के अल्टीमेटम के बार में सीएम ने कहा कि सरकार को उनके अल्टीमेटम की परवाह नहीं है।
मालूम हो कि राज्य के लगभग पौने दो लाख शिक्षाकर्मियों ने सेवा नियमित करने समेत विभिन्न मांगो को लेकर लगभग डेढ़ माह तक हड़ताल की थी। सरकार द्वारा उनकी मांगों को कोई तरजीह नहीं दी गई। ऐसे में उन्हें मांगे पूरी हुये बिना ही हड़ताल खत्म करनी पड़ी थी।