फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धमतरी में दो जगह खूनी हमला: बुजुर्ग के पेट पर 7 वार तो युवक को चाकू से गोदा, दोनों आरोपी गिरफ्तार

Thu, 12 Nov 2026 08:40 PM IST
धमतरी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धमतरी

सार

जिले में दो अलग-अलग जगहों में दो लोगों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है, जिसपर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों वारदातों के आरोपियों के पास से हमले में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किया है।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

धमतरी जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों पर जानलेवा हमले के मामले सामने आए हैं। पहली घटना मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भेण्डरी की है, जहां मातर मड़ई कार्यक्रम के दौरान गाली-गलौज करने से मना करने पर एक युवक ने बुजुर्ग पर साइकिल के धारदार स्पोक से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वहीं दूसरी घटना भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई (अ) की है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किए गए हैं।
विज्ञापन


गाली देने से मना किया तो बुजुर्ग के पेट पर किए 6-7 वार
पहली घटना मगरलोड थाना अंतर्गत चौकी करेलीबड़ी क्षेत्र के ग्राम भेण्डरी की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे नारायण साहू (38 वर्ष) अपने पिता भागीरथी साहू के साथ भेण्डरी बस स्टैंड स्थित चाय ठेले पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करने लगा।

आसपास महिलाओं की आवाजाही होने के कारण भागीरथी साहू ने आरोपी को गाली देने से मना किया। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने अपनी जेब में रखे साइकिल के धारदार स्पोक से बुजुर्ग के पेट पर लगातार 6 से 7 वार कर दिए। हमले में भागीरथी साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल संजीवनी अस्पताल, नयापारा में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन


घटना की शिकायत मिलने पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने आरोपी ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू (27 वर्ष), पिता नरसिंग साहू, निवासी ग्राम भेण्डरी के खिलाफ धारा 296, 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला पुल के नीचे पाइप में छिपाकर रखा गया वारदात में इस्तेमाल साइकिल का धारदार स्पोक भी बरामद कर लिया गया।

पुरानी रंजिश में युवक को चाकू से मारा
दूसरी घटना भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई (अ) की है। यहां पुरानी रंजिश के चलते 21 वर्षीय युवक ने एक अन्य युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे ग्राम जोरातराई (अ) निवासी देवेंद्र साहू शीतला मंदिर के पास बैठा हुआ था। पास में कुछ लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर वहां पहुंचा और देवेंद्र के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से देवेंद्र पर प्राणघातक हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे डायल 112 की मदद से तत्काल कुरुद अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

मामले में भखारा पुलिस ने धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर (21 वर्ष), पिता लहरमन निर्मलकर, निवासी ग्राम जोरातराई (अ) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार बटची चाकू भी जब्त किया गया।

पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों और सामाजिक कार्यक्रमों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि विवाद और हिंसक गतिविधियों से दूर रहें। कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें