छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 23 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की मां और सगे भाई ने गला घोंटकर उसकी हत्या की और शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
धमतरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने ही सगे बेटे की हत्या कर दी। इस वारदात में मृतक का सगा भाई भी शामिल था। पुलिस ने हत्या के मामले में मां और बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरुद थाना क्षेत्र के बिरेझर चौकी अंतर्गत ग्राम गोजी में 29 जून को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलने पर बिरेझर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद शव को फांसी के फंदे से लटकाया गया था। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
विज्ञापन
जांच के दौरान मृतक के भाई 22 वर्षीय नरेश साहू और मां 60 वर्षीय कमला बाई साहू से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि मृतक शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। पैसे नहीं मिलने पर उसने विवाद और मारपीट शुरू कर दी। इससे आक्रोशित होकर दोनों ने पहले उसका गला दबाया, फिर रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद, उसके जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक भी पिला दिया।
हत्या के बाद मां और बेटे ने शव को फांसी के फंदे से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।