युक्तियुक्तकरण के बाद भी धमतरी जिले के कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे गुस्साए ग्राम कोलियारी के ग्रामीण और पालकों ने प्राथमिक शाला में शिक्षक की मांग को लेकर स्कूल में तालाबंदी कर दी और शिक्षक की मांग को लेकर नारेबाजी की। सूचना पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पालकों ने बताया कि प्राथमिक शाला में बच्चों की दर्ज संख्या 30 है और पढ़ाने के लिए सिर्फ एक ही शिक्षक है। वहीं दूसरा शिक्षक दृष्टिबाधित होने से पढ़ा नहीं सकता, जिससे स्कूल में शिक्षण कार्य प्रभावित हो गया है। बताया कि एक और शिक्षक की मांग को लेकर कई बार शिक्षा विभाग को आवेदन सौंप चुके हैं। इसके बाद भी शिक्षक की मांग को पूरा नहीं किया गया, जिसके चलते पालकों ने स्कूल में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। सूचना पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिनके आश्वासन के बाद स्कूल का ताला खोला गया। वहीं शिक्षा विभाग का कहना है कि शिक्षक की व्यवस्था जल्द की जाएगी।