धमतरी में तीन युवकों ने फर्जी एंटी करप्शन अधिकारी बनकर एक घर में घुसकर धमकाया और लैपटॉप व मोबाइल समेत सामान ले भागे। सीसीटीवी से पहचान होने पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अब भी फरार है।
धमतरी जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बनकर तीन लोग एक घर में घुस गए थे। रुद्री थाना पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पकड़ा गया एक आरोपी विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल का पदाधिकारी बताया जा रहा है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि ग्राम सोरम निवासी कोनाल साहू के घर में 25 नवंबर को तीन अज्ञात व्यक्ति घुसे थे और अपने आप को एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बताकर छापा मारने आए थे। उन्होंने कोनाल साहू को गोली मारने और जेल में डालने की धमकी दी। साथ ही घर में रखे एक लैपटॉप, एक वनप्लस पैड और 8 मोबाइल अपने साथ ले गए तथा रायपुर आकर मामले को सेटलमेंट करने की बात कही थी।
पीड़ित द्वारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। घर में घुसते समय तीनों व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।