वार्डवासियों का कहना है कि शराब दुकान की वजह से माहौल काफी खराब हो रहा है। बताया कि बड़े तो बड़े अब बच्चे भी शराब पीने लगे हैं और जहां पर शराब दुकान संचालित है उसके आसपास तालाब और मंदिर है।
धमतरी में दानीटोला वार्ड में संचालित शराब दुकान को हटाने के लिए वार्डवासी ने मोर्चा खोल दिया है। शराब दुकान को हटाने को लेकर मंगलवार शाम लगभग 7 बजे 40 से 50 की संख्या में महिला शराब भट्टी पहुंचीं और भट्टी के सामने जमकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शराब दुकान को बंद करने और हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जिस पर सूचना मिलते ही तहसीलदार और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जल्द शराब भट्टी हटाने का आश्वासन देते हुए प्रदर्शन को खत्म कराया।
विज्ञापन
दानीटोला वार्ड में देशी-विदेशी शराब दुकान संचालित हैं। जिसे वहां से हटाने के लिए लंबे समय से वार्डवासी मांग कर रहे हैं। वार्डवासियों का कहना है कि शराब दुकान की वजह से माहौल काफी खराब हो रहा है। बताया कि बड़े तो बड़े अब बच्चे भी शराब पीने लगे हैं और जहां पर शराब दुकान संचालित है उसके आसपास तालाब और मंदिर है। जहां वार्ड की महिलाएं पूजा-अर्चना करने आती हैं। जिन्हें छेड़खानी का शिकार होना पड़ता है। बताया कि शराब भट्ठी खुलने से असामाजिक तत्वों की भीड़ रहती है। जो गाली-गलौज करते रहते हैं। जिससे महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। जिसको लेकर महिलाओं ने नगर निगम महापौर से मिलकर शराब दुकान को हटाने की मांग की है। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार को शराब दुकान हटाने को लेकर पत्राचार किया गया है। जल्द दूसरी जगह का चयन कर शराब दुकान उक्त जगह से हटा दी जाएगी।