जयंत ध्रुव को कलेक्टर ने किया सम्मानित
- फोटो : अमर उजाला
धमतरी में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ग्राम बगदेही निवासी जयंत कुमार ध्रुव को उनके असाधारण साहस के लिए सम्मानित किया। जयंत ध्रुव ने अपनी जान की परवाह किए बिना गहरे कुएं में कूदकर दुर्घटनाग्रस्त लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जो समाज के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण है। कलेक्टर ने जयंत ध्रुव के उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की।
यह घटना रविवार को धमतरी जिले के ग्राम बगदेही में हुई। ऑटो चालक की लापरवाही के कारण बुजुर्गों और बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर एक गहरे कुएं में जा गिरा। हादसे के समय ऑटो में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें 3-4 वर्ष के मासूम बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे।
घटना को देखते ही स्थानीय सरपंच पति जयंत ध्रुव ने तुरंत साहस का परिचय दिया। उन्होंने बिना समय गंवाए कुएं में छलांग लगा दी। अपनी जान जोखिम में डालकर उन्होंने कुएं में डूब रहे मासूम बच्चों सहित सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी तत्परता और अदम्य साहस से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।