शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में शिवरीनारायण रहौद मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे युवक का शव मिला है। युवक के सिर पर गंभीर चोट और पैर टूटा हुआ मिला है। परिजनों ने हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंकने की आशंका जताई है।
मृतक ऋषि चौहान के भाई चंद्रहास चौहान ने बताया कि वह 31 दिसंबर की रात को बाइक लेकर घर से निकला था। पिता के कहां जाने की बात पूछने पर घूमकर आने की बात कही। इसके बाद रात को घर नहीं पहुंचा, तब खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। एक जनवरी को सड़क के किनारे शव मिलने की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचकर देखा तो भाई ऋषि चौहान की मौत हो चुकी थी। सिर के पीछे चोट के निशान थे। उसका एक पैर टूट हुआ, जोकि फूल चुका था। आसपास और पता तलाश करने पर पता चला कि वह राहौद के एक ढाबे में खाना खाने गया हुआ था, जहां उसका जूता और मोटर साइकिल मिली। आरोप है कि किसी ने हत्या कर शव को सड़क के किनारे फेंक दिया।
एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची। मृतक युवक की पहचान हो चुकी है। मौत का कारण अभी अज्ञात है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलासा हो पाएगा। वहीं, परिजनों की तहरीर पर आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और के लोगो से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।