जशपुर के पत्थलगांव में व्यापारी अमन अग्रवाल पर हुए सनसनीखेज केमिकल हमले की गुत्थी आखिरकार जशपुर पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या के प्रयास के इस मामले में पुलिस ने आरोपी चंकी गुप्ता (32 वर्ष) निवासी ग्राम कापू, थाना कापू, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
घटना 5 अप्रैल की रात की है, जब अमन अग्रवाल अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात मोटरसाइकल सवार ने उन पर मिट्टी तेल जैसी गंध वाला केमिकल फेंका और जलती तिल्ली से आग लगाने की कोशिश की। संयोग से अमन बाल-बाल बच गए, लेकिन यह हमला शहर में दहशत का कारण बन गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 109(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और सीसीटीवी फुटेज व वैज्ञानिक जांच की मदद से छानबीन शुरू की। जब तकनीकी साक्ष्य नहीं मिले, तो पुलिस ने पुराने विवादों की कड़ियों को जोड़ते हुए अमन और चंकी के बीच फरवरी में हुए लेन-देन विवाद को आधार बनाकर जांच की दिशा तय की।
मुखबिर की सूचना और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 14 अप्रैल को आरोपी चंकी गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि पूर्व विवाद के चलते उसने अमन पर जानलेवा हमला किया था।