छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग (PWD) ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति बढ़ाने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। विभागीय सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अनुबंधित समय-सीमा में काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों को डिग्रेड और टर्मिनेट किया जाएगा।
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में बस्तर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और सभी कार्यपालन अभियंताओं की समीक्षा बैठक में सड़क, सेतु और भवन निर्माण कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट ली गई। डॉ. सिंह ने आरआरपी (Road Requirement Plan), आरसीपीएलडब्ल्यूईए (Road Connectivity Project in Left Wing Extremism Areas) और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की।
बैठक में सचिव ने सभी तरह के निर्माण कार्यों की कड़ी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों, इसके लिए हर स्तर के अधिकारी जिम्मेदारी से काम करें। इस बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के रायपुर क्षेत्रीय अधिकारी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप और सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी भी मौजूद थे।
ई-ऑफिस से तेज होंगी प्रक्रियाएँ
डॉ. सिंह ने विभागीय कार्यों में तेजी लाने के लिए ई-ऑफिस सिस्टम को अनिवार्य रूप से अपनाने के निर्देश दिए।
प्रमुख अभियंता ने बताया कि विभाग के सभी कार्यालयों को 1 दिसंबर से ई-ऑफिस के माध्यम से काम करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। सभी फाइलें अब ई-ऑफिस के जरिए ही भेजी जाएंगी ताकि प्रक्रियाओं में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
कार्य स्वीकृति मिलने के बाद निविदा जारी करने में देरी न हो, इसके लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई, नोटिस भी जारी होंगे
बैठक में निर्देश दिया गया कि काम शुरू न करने वाले, धीमी गति से काम करने वाले और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा न करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जाए और आवश्यकतानुसार पंजीयन डिग्रेड या समाप्त कर दिया जाए। इसके अलावा, शिक्षा से जुड़े भवनों और छात्रावासों के निर्माण को अगले शिक्षा सत्र से पहले पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि नए सत्र से ही छात्रों को इनका लाभ मिल सके।
ये काम जल्द होंगे पूर्ण
बस्तर परिक्षेत्र के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि दंतेवाड़ा जिले में गीदम जनपद से बांगाबाड़ी बायपास तथा सुकमा जिले में ग्राम झापरा से पुसपल्ली मार्ग का काम 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। इन दोनों कार्यों को दिसम्बर के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। कांकेर के खैरखेड़ा से गोटीटोला मार्ग का काम भी 60 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसे दिसम्बर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि गीदम-दंतेवाड़ा-किरंदुल मार्ग के उन्नयन और नवीनीकरण का कार्य भी 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसे जनवरी-2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। कोंडागांव जिले में कोपरा से टाटीपारा मार्ग का निर्माण 60 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। इसे मार्च-2026 तक पूरा किया जाएगा। बास्तानार में आई.टी.आई. भवन का 85 प्रतिशत काम पूरा हो गया है जो मार्च-2026 तक पूर्ण हो जाएगा।