सात सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल
- फोटो : अमर उजाला
प्रबंधक संघ की सात सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल
छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी समिति प्रबंधक संघ रायपुर के आह्वान पर कोंडागांव, केशकाल और नारायणपुर जिले के समिति प्रबंधक 5 अप्रैल 2025 से अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। प्रबंधकों की प्रमुख मांगों में 36 वर्षों से कार्यरत प्रबंधकों का नियमितीकरण, वेतन का निजी खातों में सीधा भुगतान, एरियर की राशि का भुगतान, सेवा निवृत्त प्रबंधकों की संविदा नियुक्ति, न्यायालय के आदेशों का पालन, मृत्यु पर आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति और एकमुश्त उपादान राशि शामिल हैं।
धरना स्थल पर जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के अध्यक्ष बुधराम नेताम पहुंचे और प्रबंधक संघ की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि ये सभी मांगे पूर्णतः न्यायसंगत हैं और सरकार को इन्हें शीघ्र स्वीकार करना चाहिए, ताकि तेंदूपत्ता संग्रहण जैसे अहम कार्य प्रभावित न हों।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार वैध और जिला प्रतिनिधि भंजलाल पोयम ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने समय रहते कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो यह आंदोलन और तेज होगा। धरने में बड़ी संख्या में समिति प्रबंधकों की उपस्थिति रही और सभी ने एक स्वर में अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।