कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपने 45 और उम्मीदवार घोषित कर दिए, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी डा. रेणु जोगी और पुत्र अमित जोगी शामिल हैं।
डा. रेणु जोगी को कोटा तथा अमित जोगी को उनके पिता की पारंपरिक सीट मरवाही से टिकट दिया गया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की यहां हुई बैठक में इन 45 नामों को मंजूरी दी गई।
पार्टी ने इससे पहले 11 अक्टूबर को अपने 17 उम्मीदवार घोषित किए थे। इस तरह कांग्रेस ने अब तक 90 में से 62 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
राज्य विधानसभा के चुनाव दो चरणों में होने हैं। पहले चरण में 11 नवंबर को नक्सल प्रभावित 18 सीटों तथा दूसरे चरण में 19 नवंबर को बाकी 72 सीटों के लिए मतदान होगा। मतगणना आठ दिसंबर को होगी। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा ने रविवार को अपने 67 उम्मीदवार घोषित किए थे।