गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक ओर तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बिजली की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। गौरेला के बैगा आदिवासी बहुल गांव धनौली ग्राम पंचायत के आश्रित गांव मेढ़िया कछार में पिछले 10 दिनों से बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप है। समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान न दिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने आज बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया और तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। हालांकि, कार्यालय में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं होने के कारण ग्रामीणों को केवल एक शिकायत पत्र देकर लौटना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण न केवल बिजली, बल्कि पेयजल की भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। गांव में बुजुर्गों और छोटे बच्चों को इस भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार लाइनमैन और अन्य अधिकारियों से संपर्क कर ट्रांसफार्मर बदलने का अनुरोध किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है और नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने पर इसे बदल दिया जाएगा। हालांकि, अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बिजली विभाग से अपील की जाती है कि इस गंभीर समस्या पर त्वरित कार्रवाई की जाए ताकि बैगा आदिवासी समुदाय को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।