छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में 25 मई की सुबह स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड कंपनी में ब्लास्ट हो गया था। इस दौरान एक की मौत और आठ घायल हुए हैं। स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड कंपनी ने कुल सात परिवार को दो करोड़ 10 लाख रुपये दिए हैं।
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में 25 मई की सुबह स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड कंपनी में ब्लास्ट हो गया था। यह फैक्टरी बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा (बोरसी) में है। घटना में अब तक एक की मौत और आठ घायल हुए हैं। घायलों का उपचार रायपुर के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जिस यूनिट में यह ब्लास्ट हुआ है, वहां पर काम कर रहे आठ श्रमिक का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
विज्ञापन
उनके परिवार के लोग बीते शनिवार से कंपनी के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। बुधवार को यह प्रदर्शन खत्म हो गया है। स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड कंपनी ने बुधवार शाम को एक मृतक व छह लापता लोगों के परिवार को 29 लाख रुपये का चेक, एक लाख रुपये नकद दिया है। कुल सात परिवार को दो करोड़ 10 लाख रुपये दिए गए है। इसके अलावा दो अन्य लापता लोगों के परिवार वालों ने रुपये लेने से इनकार कर दिया है।
इन लोगों ने 50 लाख रुपये की मांग की है। इसी प्रकार राज्य सरकार ने एक मृतक व आठ लापता हुए लोगों के परिवार को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिसे जल्द दिया जाएगा। वहीं, इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। 45 दिन में जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपनी है।