विकास नगर मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 127 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 61 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
कोंडागांव में बुढ़ादेव महोत्सव के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कोंडागांव पहुंचकर जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। विकास नगर मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 127 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 61 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
विज्ञापन
कार्यक्रम में बताया गया कि 35 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिनकी कुल लागत लगभग 43 करोड़ 45 लाख रुपये है। वहीं 26 नए कार्यों का भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया, जिन पर लगभग 83 करोड़ 66 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। ये सभी परियोजनाएँ जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, जलापूर्ति और सामुदायिक विकास जैसी बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से स्वीकृत की गई हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंच से कोंडागांव की जनता को इन विकास कार्यों की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक विकास के लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुढ़ादेव महोत्सव जैसे पारंपरिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामुदायिक भावना मजबूत होती है।
विज्ञापन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले के नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बस्तर की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे।