कुल्हाड़ी से हमले में घायल युवक।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ के कोरबा में दो गज जमीन के लिए दो दोस्तों में विवाद हो गया। बात इस कदर बिगड़ी की एक ने दूसरे पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इसके चलते युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे कटघोरा के उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत तुमान निवासी राजेश दास (25) और फूल सिंह कंवर (30) एक ही गांव में रहते हैं। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। फूल सिंह को राजेश अपने बड़े भाई की तरह मानता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद नशे में बाड़ी की जमीन को लेकर विवाद शुरू कर दिया और एक-दूसरे को गालियां देने लगे।
बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि दोनों हाथापाई करने लगे। आरोप है कि इसी बीच फूल सिंह कुल्हाड़ी ले आया और राजेश पर वार कर दिया। कुल्हाड़ी राजेश के कंधे पर लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे डायल-112 की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने आरोपी फूल सिंह को गिfरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।