नक्सलियों की तलाश में गश्त करते सीआरपीएफ के जवान (फाइल फोटो)
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सुरक्षा बलों ने सोमवार को दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा बलों ने एक टिफिन बम भी बरामद किया है, जिन्हें नक्सलियों ने विस्फोट के लिए लगाया था। पकड़े गए नक्सली बामन मांडवी और हिडमा पोडियामी जन-मिलिशिया संगठन के सदस्य हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कटेकल्याण थाना क्षेत्र के परचेली, कोरोपाल, कलेपाल और नडेनार क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद कटेकल्याण थाना से डीआरजी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 195वीं बटालियन उस ओर रवाना हुई।
सुरक्षा बलों का दल जब नडेनार किरीयारपारा गांव के जंगल में था, तब कुछ संदिग्ध व्यक्ति पुलिस दल को देखकर भागने लगे। पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने घेराबंदी कर इन दोनों नक्सलियों को पकड़ लिया।
अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों से पूछताछ के आधार पर सुरक्षा बलों ने एक टिफिन बम, डेटोनेटर और इलेक्ट्रॉनिक वायर बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों नक्सली पिछले कई सालों से नक्सली संगठन से जुड़े थे और गांव में बड़े नक्सली नेताओं के आने पर भोजन की व्यवस्था भी करते थे।