राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. अजय सिंह ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मतदान जारी है। मतदान केन्द्रों में सुबह-सुबह मतदाताओं की भीड़ लगी है। मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में नगरीय निकाय चुनाव 2025 के तहत लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. अजय सिंह ने आज सपरिवार रायपुर नगर निगम के महापौर एवं वार्ड पार्षद निर्वाचन के लिए प्राथमिक शाला पुरैना मतदान केंद्र में मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने की अपील की।
रायपुर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह आज सुबह अपने पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। उन्होंने सपत्नीक फॉरेस्ट रेंज ऑफिस पंडरी के मतदान केंद्र में मतदान किया।
दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कतार में लगकर वोटिंग की। इस दौरान उनके साथ जिले के कई अधिकारी कर्मचारियों ने भी नियमों का पालन करते हुए मतदान किया। साथ ही उन्होंने मतदाताओं को मतदान के लिए अपील की। दुर्ग कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने जेआरडी स्कूल के मतदान केंद्र में की मतदान। उन्होंने निगम शहर क्षेत्र के नागरिको से कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोग मतदान करें।
कोरबा कलेक्टर आकाश छिकारा ने अपने धर्मपत्नी के साथ मतदान के लिए मतदान केंद्र पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए हर मतदाता का वोट अमूल्य है। मतदान का अवसर एक निश्चित अवधि में मिलता है, इसलिए इस महत्वपूर्ण अवसर को गवाए बिना अपने मताधिकार का उपयोग करें। सभी मतदाताओं से अपील की है कि लोकतंत्र के पर्व में शामिल होकर अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें।