छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार इलाके में सड़क की मांग को लेकर कुछ स्कूली बच्चे धरना दे रहे थे। जिस सड़क पर बच्चे धरना दे रहे थे उसी सड़क से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह विकास यात्रा निकलने वाले थे। बच्चों को धरने पर बैठा देख एसडीएम तीर्थराज अग्रवाल ने हटने के लिए कहा और छात्रों पर लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया। बच्चे स्कूल जाने के लिए सड़क की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे।
बलौदाबाजार इलाके की इस घटना के बाद छात्रों पर लाठीचार्ज का वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद से पुलिस की इस हरकत को लोगों ने शर्मनाक बताया है। लोगों ने एसडीएम तीर्थराज अग्रवाल पर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि बच्चे स्कूल जाने के लिए सड़क की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे।
इस दौरान स्कूली बच्चों के प्रदर्शन को देखकर एसडीएम तीर्थराज अग्रवाल को गुस्सा आ गया। पहले तो तीर्थराज अग्रवाल ने मौके पर मौजूद फोर्स को बच्चों पर लाठी चार्ज करने को कहा। उसके बाद जैसे ही फोर्स मौके पर पहुंची, तो तीर्थराज अग्रवाल ने खुद पुलिस वालों के हाथ से डंडा छीनकर मौजूद छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद से एसडीएम तीर्थराज अग्रवाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं. बता दें कि तीर्थराज अग्रवाल पहले भी कई विवादों में फंस चुके हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बच्चों पर हुए लाठीचार्ज को बर्बरता बताया है। इसी के साथ शैलेश एसडीएम तीर्थराज अग्रवाल को हटाने की मांग भी की है।