फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीजी: सिंगापुर फोरम में छत्तीसगढ़ को मिले 43,250 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

Mon, 05 Oct 2026 08:53 PM IST
अमन कोशले अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर

सार

एसआईएनजी फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ को 43 हजार 250 करोड़ रुपये के विदेशी निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों से राज्य में डिजिटल क्षेत्र और स्वच्छ ऊर्जा को बड़ा विस्तार मिलेगा।
विज्ञापन
सिंगापुर फोरम में छत्तीसगढ़ को मिले 43,250 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिंगापुर में आयोजित एसआईएनजी फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ को 43 हजार 250 करोड़ रुपये के विदेशी निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों से राज्य में डिजिटल क्षेत्र और स्वच्छ ऊर्जा को बड़ा विस्तार मिलेगा। सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव 41,750 करोड़ रुपये का है, जिसके तहत राज्य में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर परिसर स्थापित होगा। सिंगापुर की कंपनी एनर्जी कैपिटल ग्लोबल इस परियोजना का निर्माण करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फोरम के दौरान कंपनी को आधिकारिक रूप से निवेश का न्योता दिया। यह कंपनी एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में एआई संचालित डेटा सेंटर विकसित करने और उन्हें स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने का कार्य करती है। भारत और सिंगापुर के अलावा मलयेशिया, कजाकिस्तान तथा ऑस्ट्रेलिया में भी इस कंपनी की उपस्थिति है।
विज्ञापन


100 मेगावाट क्षमता का एआई डेटा सेंटर परिसर
प्रस्तावित 100 मेगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर परिसर को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े कार्यों के लिए विशेष रूप से तैयार किया जाएगा। कंपनी यहां बड़े स्तर पर एआई और डिजिटल सेवाओं के संचालन हेतु आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित करने जा रही है। छत्तीसगढ़ सरकार पहले से ही देश के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क के निर्माण की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में 41,750 करोड़ रुपये का यह विशाल निवेश राज्य को डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में आगे ले जाने वाला बड़ा प्रस्ताव माना जा रहा है। एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टानिस्लाव बोरिसोव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवश्यक बिजली, भूमि और सरकार का सहयोग उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत में बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर परिसर बनाने और स्थानीय इंजीनियरों को इसे संचालित करने के लिए प्रशिक्षित करने की योजना पर काम करेगी।

सौर ऊर्जा क्षेत्र में 1,500 करोड़ रुपये का निवेश
डेटा सेंटर परियोजना के अलावा छत्तीसगढ़ को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी 1,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड राज्य में यह निवेश करेगी। इसमें सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े अन्य उपकरणों का क्षेत्र शामिल रहेगा। इस प्रकार सिंगापुर फोरम में मिले कुल निवेश प्रस्तावों में सबसे बड़ा हिस्सा एआई और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ये निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ की नीतियों, यहां की क्षमता और लोगों पर वैश्विक कंपनियों के भरोसे को दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि इन निवेशों से राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर बनेंगे और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन


450 से अधिक औद्योगिक सुधारों का दिखा असर
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित फायरसाइड चैट में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हिस्सा लिया। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य में उद्योगों की समस्याओं को समझकर नियमों और व्यवस्था में बदलाव किए जा रहे हैं। राज्य में अब तक 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि सुधारों, नई औद्योगिक नीति और सरकार की सक्रिय पहल के चलते पिछले 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

खाद्य प्रसंस्करण और विभिन्न क्षेत्रों में चर्चा
फोरम से इतर मुख्यमंत्री ने एक्वाटेक और एड्रॉयट ओवरसीज पीटीई लिमिटेड के प्रतिनिधियों से अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में उद्योगों के लिए गंदे पानी के दोबारा इस्तेमाल की व्यवस्था और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सिंगापुर सरकार की विदेश मामलों तथा व्यापार एवं उद्योग राज्य मंत्री गण सियो हुआंग भी फोरम में उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त मास्टरकार्ड, ताज होटल्स (आईएचसीएल) और नेस्ले जैसी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री 6 अक्तूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के प्रमुखों के साथ सीईओ राउंडटेबल में शामिल होंगे, जहां राज्य में निवेश की संभावनाओं और आगामी परियोजनाओं पर आगे की बातचीत होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें