अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को लगभग 33 हजार 321 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने थर्मल पावर प्लांट, ग्रीन स्टील मैन्युफैक्चरिंग, सोलर सेल, फार्मास्युटिकल उत्पाद और मेडिकल फूड सप्लीमेंट जैसे क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों को निवेश प्रस्ताव पत्र (Investment Letters) सौंपे। इन निवेशों से राज्य में लगभग 14 हजार 900 नए रोजगार सृजित होंगे। नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद से अब तक छत्तीसगढ़ को कुल 7.83 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट मीट में मुख्यमंत्री ने देश के शीर्ष उद्योगपतियों और व्यावसायिक नेताओं से राज्य में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि गुजरात उद्योग, निवेश और नवाचार की भूमि है, और छत्तीसगढ़ के पास ऊर्जा, खनिज, कुशल जनशक्ति और आकर्षक औद्योगिक नीति है। दोनों राज्य मिलकर विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने पिछले 22 महीनों में 350 से अधिक सुधार किए हैं, जिससे उद्योग स्थापित करना अब और आसान हो गया है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सभी आवश्यक अनुमतियाँ त्वरित रूप से दी जा रही हैं। नई औद्योगिक नीति के तहत निवेशकों को विशेष अनुदान और प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं। बस्तर और सरगुजा जैसे जनजातीय अंचलों में उद्योग लगाने पर अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश में कोयला उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। हाल ही में आयोजित एनर्जी समिट में 3.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। राज्य में थर्मल, हाइडल, सोलर और वन-आधारित उद्योगों की व्यापक संभावनाएँ हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर को आईटी और एआई डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर की कंपनियाँ निवेश में रुचि दिखा रही हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिए जाने से हॉस्पिटैलिटी और वेलनेस सेक्टर में भी नए अवसर खुल रहे हैं।
कार्यक्रम में सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, तथा सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इन कंपनियों ने की निवेश की घोषणाएँ
- लीजियम लाइफ साइंसेस प्राइवेट लिमिटेड– यह कंपनी फार्मास्युटिकल उत्पाद और मेडिकल फूड सप्लीमेंट का निर्माण करती है। कंपनी ने 101 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव रखा है, जिससे 750 रोजगार सृजित होंगे।
- टोरेंट पावर लिमिटेड, अहमदाबाद– कंपनी ने 22 हजार 900 करोड़ रुपये की लागत से एक हजार 600 मेगावाट क्षमता का थर्मल पावर प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है, जिससे छत्तीसगढ़ की ऊर्जा क्षमता को नई दिशा मिलेगी। इससे लगभग पांच हजार लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।
- टोरेंट फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड– कंपनी ने फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना के लिए 200 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित किया है, जिससे 200 लोगों को रोजगार मिलेगा।
- ओनिक्स थ्री एनर्सोल प्राइवेट लिमिटेड– यह कंपनी ग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन अमोनिया और ग्रीन स्टील मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करेगी। इसमें 9 हजार करोड़ रुपये का निवेश और 4 हजार 082 रोजगार सृजन का प्रस्ताव है।
- माला क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड, सूरत– कंपनी 2 जीगावाट क्षमता वाली सोलर सेल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाएगी। इसके लिए 700 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे 500 लोगों को रोजगार मिलेगा।
- मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल– इस अस्पताल की स्थापना के लिए 300 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित किया गया है। यह पहल राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
- सफायर सेमीकॉम प्राइवेट लिमिटेड– यह कंपनी सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में 120 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे लगभग चार हजार रोजगार अवसर सृजित होंगे।