छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल सकता है। राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े के नाम पर अपनी सहमति जताते हुए नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव राजभवन भेज दिया है। राजभवन से प्रस्ताव पर मंजूरी मिलते ही सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक नियुक्ति आदेश जारी किए जाने की संभावना है। इल बीच, प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने राज्यपाल रमेन डेका को पत्र भेजकर आयोग में अध्यक्ष की शीघ्र नियुक्ति की मांग की है। उन्होंने लिखा कि पद खाली रहने के कारण भर्ती, पदोन्नति और अन्य आवश्यक प्रकरणों के निस्तारण में विलंब हो रहा है।
राजभवन में पखवाड़े से लंबित है नियुक्ति प्रस्ताव
आयोग के नए अध्यक्ष की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार के स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई है। शासन की ओर से सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े के नाम पर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है। नियुक्ति की निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार ने प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन के लिए राजभवन भेजा है। जानकारी के अनुसार यह नियुक्ति प्रस्ताव पिछले करीब 15 दिनों से राजभवन में स्वीकृति के लिए लंबित बताया जा रहा है। राजभवन स्तर पर अनुमोदन प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत ही नियुक्ति को लेकर आगे की औपचारिक कार्रवाई की जा सकेगी।
स्वीकृति के बाद सामान्य प्रशासन विभाग जारी करेगा आदेश
नए अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए राजभवन का अनुमोदन जरूरी है। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग नियुक्ति संबंधी आदेश जारी करेगा। फिलहाल इस संबंध में राजभवन से मंजूरी मिलने और सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचना जारी किए जाने का इंतजार किया जा रहा है।
पदोन्नति और प्रशासनिक कार्य प्रभावित
इस बीच, छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने राज्यपाल रमेन डेका को पत्र में लिखा है कि आयोग राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण सांविधानिक संस्थान है। आयोग के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं में भर्ती, चयन और पदोन्नति से संबंधित प्रक्रियाओं का संपादन होता है। आयोग में अध्यक्ष का पद रिक्त होने से इसके कार्यों के संचालन और महत्वपूर्ण प्रकरणों के निराकरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े प्रकरणों में विलंब से पात्र कर्मियों के सेवागत हित प्रभावित हो रहे हैं। समय पर पदोन्नति न मिलने से अधिकारियों और कर्मचारियों को वित्तीय एवं सेवागत लाभ समय पर प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं।