Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने रायपुर इंडोर स्टेडियम में आयोजित कवि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कवि और गीतकार केदार परिहार को छत्तीसगढ़ रत्न से सम्मानित किया। कवि सम्मेलन में पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे, पद्म डॉ. सुनील जोगी, डॉ. हरिओम पवार, अनामिका जैन अंबर, डॉ. अनिल चौबे, स्वयं श्रीवास्तव और रमेश विश्वहार ने अपनी कविताओं से लोगों को हंसाकर लोट-पोट कर दिया। देर रात तक कवियों ने अपनी कविताओं से समा बांधे रखा।
सीएम साय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कवि सम्मेलन 5.0 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरूण साव, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित विधायकगण और श्रोतागण मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा के जयंती पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने सभी मूर्धन्य कवियों का छत्तीसगढ़ की माटी में स्वागत और अभिनंदन किया। साय ने कहा कि बड़े ही शुभ दिन पर यह आयोजन हो रहा है। बाबा गुरु घासीदास का आशीर्वाद प्रदेश वासियों को मिले।