जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 के हटने के बाद से ही नक्सलियों को लग रहा है अब सरकार उनपर भी बड़ी कार्रवाई करने वाली है। जिसके बाद से ही उन्होंने सरकार को धमकियां देना शुरू कर दिया है। नक्सली लोगों में डर बढ़ाने के लिए उन्हें डरा-धमका रहे हैं।
ताजा मामला छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले का है जहां मंगलवार देर रात नक्सलियों ने पूर्व सरपंच और आरएसएस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। नक्सली पहले संघ से जुड़े दादू राम कोरटिया के घर गए। उन्हें आवाज देकर घर से बाहर बुलाया। जैसे ही दादू राम घर से बाहर निकले उनपर नक्सलियों ने कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर गोली मार दी।
इसके बाद नक्सली वहां पर पर्चा फेंककर चले गए। घटना के समय घर पर केवल दादू राम की पत्नी मौजूद थीं। घटना दुर्गुकोंदल के कोंडेगांव की है। एसपी ने हत्या की पुष्टि की है।
नक्सलियों ने जो पर्चा फेंका हैं उसमें नक्सलियों ने कश्मीर मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस को धमकी दी है। इसमें लिखा है कि भाजपा और आरएसएस आदिवासी और दलित विरोधी गतिविधियां कर रही हैं।
अनुच्छेद 370 को लेकर इसमें लिखा है कि तानाशाही और हिटलरशाही व्यवहार करते हुए भाजपा ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 को रद्द किया है। दादू सिंह ऐसे संगठन से जुड़कर अपनी गतिविधियां चला रहा था, इसलिए उसे मारा गया है। बता दें कि केंद्र सरकार के फैसले के विरोध में नक्सलियों 30 अगस्त को बंद बुलाया है।
इससे पहले सोमवार को नक्सलियों ने कांकेर में ही मुखबिरी के शक में एक युवक की हत्या कर दी थी। नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर युवक पर आरोप लगाया था कि वह पुलिस में मुखबिरी कर रहा है। जिसके बाद युवक को लाठी डंडों से पीट-पीटकर मार डाला गया। इसके बाद नक्सलियों ने उसका शव जंगल में फेंक दिया था।